धाराएं हटाने और नाबालिग का नाम निकालने के बदले मांगी घूस, पुलिस रीडर गिरफ्तार

0
1778518743398.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना / सीतामढ़ी | 11 मई 2026,

पटना / सीतामढ़ी: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोविन्द कुमार चौधरी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुपरी अंचल, जिला सीतामढ़ी स्थित पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय में पीटीसी-सह-रीडर के पद पर कार्यरत था।

परिवादी की शिकायत पर हुई कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार परिवादी जय शंकर शर्मा, निवासी पतनुका, थाना बोखरा, जिला सीतामढ़ी ने ब्यूरो के पटना कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बोखरा थाना कांड संख्या 109/26 में लगी कुछ धाराओं को हटाने तथा नाबालिग भांजे का नाम केस से हटाने के बदले आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

सत्यापन में सही पाए गए आरोप

शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 054/26, दिनांक 07.05.2026 दर्ज किया गया।

डीएसपी के नेतृत्व में गठित हुआ धावादल

मामले की जांच के लिए कृपाल चन्द्र जायसवाल के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने सोमवार 11 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविन्द कुमार चौधरी को पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय, पुपरी से रिश्वत की मांग करने एवं रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

विशेष न्यायालय में किया जाएगा प्रस्तुत

निगरानी ब्यूरो ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page