दिवाली पर निगरानी ब्यूरो का बड़ा एक्शन: 5 लाख रिश्वत लेते मधुबनी के कार्यपालक अभियंता गिरफ्तार, फ्लैट से नकदी और संपत्ति के दस्तावेज बरामद
आर्यावर्त वाणी | पटना | 09 नवम्बर 2026
पटना। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी पथ प्रमंडल में तैनात पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। 8 नवंबर 2026 को निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने उन्हें पटना के रामनगरी, आशियाना स्थित शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-303 से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान अभियंता ने निगरानी टीम को देखकर रिश्वत की रकम खिड़की से सटे बाहर एक छोटे मैदान में फेंक दी, जिसे टीम ने बरामद कर लिया।
19.50 लाख की मांगी थी रिश्वत, पांच लाख रुपये एडवांस लेते गिरफ्तार
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन निवासी अरुण कुमार सिंह ने अभियंता के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने मधुबनी पथ प्रमंडल के अंतर्गत दो सड़क निर्माण परियोजनाओं का कार्य कराया था। पहली परियोजना मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही-खुटौना मार्ग पर 1.2 किलोमीटर सड़क निर्माण की है, जिसकी स्वीकृत राशि 5.78 करोड़ रुपये से अधिक है। दूसरी परियोजना स्टेडियम चौक, महाराजगंज चौक और सूड़ी हाईस्कूल होते हुए 2.4 किलोमीटर सड़क निर्माण की है, जिसकी लागत करीब 13.48 करोड़ रुपये है।
दोनों योजनाओं में करीब 6.50 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित था। आरोप है कि इस बकाया राशि के भुगतान के एवज में अभियंता ने तीन प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 19.50 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। तत्काल पांच लाख रुपये एडवांस देने की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 133/26, दिनांक 06 नवंबर 2026 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियंता को पांच लाख रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया।
फ्लैट की तलाशी में नकदी, जेवर और संपत्ति के दस्तावेज मिले
गिरफ्तारी के बाद अभियंता के पटना स्थित फ्लैट की तलाशी ली गई। निगरानी ब्यूरो के आधिकारिक बयान के अनुसार, तलाशी में 6,11,900 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, शेयर एवं एलआईसी में निवेश से संबंधित कागजात, सात बैंक खातों की जानकारी, जमीन और फ्लैट के दस्तावेज तथा बैंक लॉकर की चाबी एवं कागजात बरामद हुए हैं। आभूषणों का मूल्यांकन किया जा रहा है। अभियंता और उनके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच जारी है।
गिरफ्तार अभियंता से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। फिलहाल मामले में आगे की जांच और तलाशी जारी है।
