गयाजी में फार्मर रजिस्ट्री अभियान को मिशन मोड में चलाने का निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी सम्मानित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 मई 2026,
गयाजी: जिले में एग्रीस्टेक परियोजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री कार्य को लेकर हरिदास सेमिनरी स्कूल के सांस्कृतिक भवन में समीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा भविष्य की कार्य योजना तैयार करते हुए अधिकारियों एवं कर्मियों को फार्मर रजिस्ट्री कार्य में और तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए आगामी चरण में 12 मई 2026 से 30 जून 2026 तक मिशन मोड में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अब तक 1.93 लाख से अधिक किसानों का हुआ रजिस्ट्रेशन
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में फार्मर रजिस्ट्री कार्य के लिए कुल 3,39,001 किसानों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें अब तक जिले में 1,93,888 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कार्य पूरा किया जा चुका है।
पहले चरण का शिविर 6 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित किया गया था, जिसमें 44,196 किसानों का पंजीकरण हुआ। दूसरे चरण का आयोजन 18 जनवरी से 21 जनवरी तक किया गया, जिसमें 29,293 किसानों का रजिस्ट्रेशन किया गया। वहीं तीसरे चरण में 2 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक कुल 36,335 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कार्य संपन्न हुआ।
इमामगंज और टिकारी प्रखंड का उत्कृष्ट प्रदर्शन
फार्मर रजिस्ट्री अभियान में प्रदर्शन के आधार पर इमामगंज प्रखंड ने सबसे बेहतर उपलब्धि हासिल की है। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले यहां लगभग 118 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। वहीं संख्या के आधार पर टिकारी प्रखंड में सबसे अधिक 13,325 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मी सम्मानित
फार्मर रजिस्ट्री अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर परितोष कुमार, संजीव कुमार सहित बेलागंज, टिकारी एवं इमामगंज प्रखंड के कई अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा राजस्व कर्मचारी, हल्का कर्मचारी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकारों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर प्रशासन का फोकस
जिला प्रशासन ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान का उद्देश्य किसानों का डाटा तैयार कर उन्हें सरकारी योजनाओं, अनुदान और कृषि संबंधी सुविधाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया है।
