चित्रगुप्त पूजा पर गया पहुंचे बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विभिन्न आयोजनों में हुए शामिल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 नवंबर 2026,
गयाजी: बुधवार 11 नवम्बर 2026 को पूरे जिले में चित्रगुप्त पूजा बड़े ही धूम धाम से मनाया गया। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार गयाजी में आयोजित विभिन्न पूजा एवं सम्मान समारोहों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अनुग्रहपुरी कॉलोनी स्थित श्री चित्रगुप्त सेवा संस्थान तथा माडनपुर स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के पूजा समारोह में शिरकत की। दोनों स्थानों पर उन्होंने भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कायस्थ समाज सहित सभी श्रद्धालुओं को चित्रगुप्त पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान चित्रगुप्त के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में वे ज्ञान, लेखनी, न्याय और कर्मों के लेखा-जोखा के प्रतीक माने जाते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त मनुष्य के अच्छे-बुरे कर्मों का लेखा रखते हैं, जो हमें अपने प्रत्येक कार्य के प्रति जिम्मेदार रहने की प्रेरणा देता है।
केवल पूजा नहीं, आत्ममंथन और संकल्प का भी पर्व
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चित्रगुप्त पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन करने और अपने कर्तव्यों के प्रति संकल्प लेने का अवसर भी है। कलम, दवात और पुस्तकों की पूजा हमें शिक्षा, ज्ञान, विवेक, सत्यनिष्ठा और न्यायप्रियता के महत्व का बोध कराती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। बच्चों और युवाओं को भगवान चित्रगुप्त के आदर्शों के साथ शिक्षा, ईमानदारी, लेखनी की शक्ति और सामाजिक समरसता के महत्व से परिचित कराना चाहिए। आधुनिक शिक्षा एवं तकनीक को अपनाने के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और संस्कारों को संरक्षित रखना भी समाज की जिम्मेदारी है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि हमारा संकल्प होना चाहिए कि कलम ज्ञान का माध्यम बने, कर्म समाज सेवा का आधार बने और न्याय हमारे जीवन का संस्कार बने।
दोनों आयोजनों में समाज के गणमान्य लोग रहे मौजूद
अनुग्रहपुरी कॉलोनी स्थित श्री चित्रगुप्त सेवा संस्थान के आयोजन में संस्थान के संरक्षक प्रोफेसर अरुण कुमार, अध्यक्ष इंजीनियर विनोद कुमार, महामंत्री शिवदेव सिंह, अधिवक्ता देवानंद पासवान, विजय सिंह, राजीव नारायण, अजय नाथ चरण, राजीव नयन सहित कायस्थ समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं, माडनपुर स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के आयोजन में भी विधानसभा अध्यक्ष की उपस्थिति को लेकर श्रद्धालुओं और समाज के लोगों में उत्साह देखा गया। इस दौरान उन्होंने समाज की एकता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने पर बल दिया।
दोनों ही स्थानों पर पूजा-अर्चना, आपसी मेल-मिलाप और उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान चित्रगुप्त से समाज में सुख, शांति, समृद्धि, शिक्षा और सद्भाव बनाए रखने की कामना की।
