50 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रधानाध्यापक गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो ने कार्यालय में की कार्रवाई

0
Screenshot_2026_0630_215452.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना | 30 जून 2026,

पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीजिलेंस) की मुख्यालय टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, चैनपुर (सम्पतचक), पटना के प्रधानाध्यापक कुणाल प्रियदर्शी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मंगलवार को उनके कार्यालय कक्ष में की गई।

152 छात्रों के प्रमाण पत्र जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, गौरीचक थाना क्षेत्र के गवसपुर निवासी अरुण कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रधानाध्यापक वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2026 में सफल 152 विद्यार्थियों का अंक प्रमाण पत्र (मार्कशीट) और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (सीएलसी) जारी करने के बदले प्रति छात्र 400 रुपये की दर से रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, कुल 60,800 रुपये की मांग की गई थी, जबकि कार्रवाई के दौरान 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

सत्यापन के बाद बनाई गई छापेमारी टीम

शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या-076/26, दिनांक 30 जून 2026 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक विन्ध्याचल प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावादल (रेड टीम) का गठन किया गया।

कार्यालय में रंगे हाथ दबोचा गया आरोपी

पूर्व निर्धारित योजना के तहत निगरानी टीम ने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, चैनपुर, सम्पतचक स्थित प्रधानाध्यापक के कार्यालय में कार्रवाई की। इस दौरान कुणाल प्रियदर्शी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

न्यायालय में किया जाएगा प्रस्तुत

निगरानी ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तार प्रधानाध्यापक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई को शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page