सीतामढ़ी में 5 हजार रुपये रिश्वत लेते निगरानी के हत्थे चढ़ा पिन्टू कुमार
आर्यावर्त वाणी | सीतामढ़ी | 25 नवम्बर 2026,
सीतामढ़ी। बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में एक और सफलता मिली है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने बुधवार, 25 नवंबर 2026 को सीतामढ़ी जिले के डुमरा में पांच हजार रुपये रिश्वत लेते पिन्टू कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी कोर्ट परिसर के समीप न्यू पंचमुखी होटल के पास से की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिन्टू कुमार, पिता हरिशचन्द्र पासवान, निवासी बाजीतपुर, पोस्ट लगमा, थाना डुमरा, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है। वह निगरानी थाना कांड संख्या 130/26, दिनांक 3 नवंबर 2026 का प्राथमिकी अभियुक्त है।
केस में नाम जोड़ने की धमकी देकर मांगी थी रिश्वत
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, सीतामढ़ी के बाजीतपुर निवासी सोनू चन्द्रवंशी ने पटना स्थित ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डुमरा थाना कांड संख्या 450/26 में नाम जोड़ने की धमकी देकर मुकुन्द कुमार झा (पीएसआई) और पिन्टू कुमार द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक मो. आरीज एहकाम के अनुरोध पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया।
धावादल ने कार्रवाई करते हुए पिन्टू कुमार को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
