भागलपुर में PM पोषण योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक 1.10 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | भागलपुर | 21 नवम्बर 2026,
भागलपुर। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भागलपुर के PM पोषण योजना के जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार सिंह को 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर के कार्यालय स्थित उनके कक्ष से उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
निर्दोष करने के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, इस मामले में परिवादी रजनीश कुमार दास, निवासी सालूचक अंगारी, थाना लोदीपुर, जिला भागलपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी। वे वर्तमान में PM पोषण योजना में प्रखंड साधन सेवी के पद पर कार्यरत हैं।
शिकायत के मुताबिक, तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक, मध्य विद्यालय तरछा, प्रखंड गोराडीह की ओर से उन पर विद्यालय में अवैध राशि निकासी का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में जिलाधिकारी, भागलपुर द्वारा स्पष्टीकरण मांगा गया था। परिवादी ने 20 अगस्त 2026 को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, PM पोषण योजना के कार्यालय में अपना स्पष्टीकरण जमा किया था।
आरोप है कि स्पष्टीकरण के मामले में उन्हें निर्दोष करने के एवज में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार सिंह द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 136/26, दिनांक 19 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
इसके बाद अनुसंधानकर्ता राधेश्याम राम के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक राम विलास सिंह के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 21 नवंबर को आरोपी मनोज कुमार सिंह को 1,10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार कर लिया।
विशेष निगरानी न्यायालय में किया जाएगा पेश
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, पूछताछ के उपरांत उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
