गया गांधी मैदान में 30 नवंबर को होगा ब्लैकआउट मॉक अभ्यास, दो मिनट बंद रहेंगी बत्तियां

0
Screenshot_2026_1128_222307
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 नवम्बर 2026,


गयाजी। संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गयाजी में 30 नवंबर को हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इसके तहत गांधी मैदान और आसपास के क्षेत्र में शाम 7:00 बजे से 7:02 बजे तक दो मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान सायरन बजाकर ब्लैकआउट का संकेत दिया जाएगा।

जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर के निर्देश पर शनिवार को समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन एवं नगर पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में मॉक अभ्यास की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें अभ्यास की आवश्यकता, उद्देश्य और वर्तमान परिस्थितियों में इसकी प्रासंगिकता पर चर्चा की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन ने वीडियो प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी संभावित परिस्थितियों से निपटने की प्रक्रिया समझाई। इसमें कमान संरचना, क्षेत्रीय प्रशासन, आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों, आवश्यक सेवाओं और सहयोगी विभागों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।

गांधी मैदान और आसपास के प्रतिष्ठानों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने गांधी मैदान के आसपास स्थित मॉल, शोरूम, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, आवासीय भवनों, सरकारी कार्यालयों और आम नागरिकों से अपील की है कि 30 नवंबर को शाम 7 से 7:02 बजे तक अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें।

यदि किसी आवश्यक या आपातकालीन परिस्थिति में रोशनी का उपयोग करना अनिवार्य हो, तो खिड़कियों और दरवाजों पर पर्दे लगाकर प्रकाश को भवन के अंदर तक ही सीमित रखें, ताकि बाहर से रोशनी दिखाई नहीं दे।

प्रशासन ने कहा—घबराएं नहीं, यह केवल मॉक अभ्यास है

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम केवल नागरिक सुरक्षा, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसका किसी वास्तविक हवाई हमले या आपात स्थिति से कोई संबंध नहीं है। इसलिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी प्रकार की घबराहट न पालें और निर्धारित समय पर अभ्यास में सहयोग करें।

इसका उद्देश्य संभावित हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में शहर की सुरक्षा तैयारियों को परखना, नागरिकों को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना और विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया क्षमता एवं आपसी समन्वय को मजबूत करना है।

बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां समय पर पूरी करने और समन्वय के साथ अभ्यास का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अपर समाहर्ता, विधि व्यवस्था, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, स्टेशन कमांडेंट, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, समादेष्टा जिला गृह रक्षा वाहिनी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, अधीक्षक मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पुलिस उपाधीक्षक टाउन, बीएसएनएल के एरिया मैनेजर, एसडीआरएफ टीम कमांडर, जिला युवा पदाधिकारी, माय भारत और जिला अग्निशमन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page