शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार को राजकीय सम्मान दिलाने की पहल, विधायक ऋतुराज कुमार ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 20 जून 2026,
जहानाबाद: घोषी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं बिहार विरासत समिति के सदस्य ऋतुराज कुमार ने देश के वीर सपूत शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार को राजकीय सम्मान दिलाने और उनके परिवार को सहायता प्रदान करने के लिए बिहार सरकार से दो महत्वपूर्ण मांगें की हैं। विधायक ने इस संबंध में बिहार के शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री को अलग-अलग पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने शिक्षा मंत्री को भेजे पत्र में जहानाबाद जिले के उच्च विद्यालय बनवरिया का नाम बदलकर “शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार उच्च विद्यालय, बनवरिया” करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहीद शुभम कुमार ने भारतीय वायुसेना में सेवा देते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया है और उनकी शहादत पर पूरे बिहार और देश को गर्व है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय का नाम शहीद के नाम पर किए जाने से आने वाली पीढ़ियों को उनके साहस, देशभक्ति और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा मिलेगी।
शहीद के छोटे भाई को सरकारी नौकरी देने की मांग
विधायक ऋतुराज कुमार ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने दूसरे पत्र में शहीद फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार के छोटे भाई अभिषेक कुमार को सरकारी सेवा में नियुक्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार की वर्तमान आर्थिक स्थिति चिंताजनक है और परिवार कई कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है।
मकान निर्माण के लिए लिया गया था बैंक ऋण
पत्र में उल्लेख किया गया है कि शहीद शुभम कुमार अपने पैतृक गांव बनवरिया में एक मकान का निर्माण करा रहे थे, जिसके लिए उन्होंने बैंक से ऋण लिया था। उनके शहीद होने के बाद अब इस ऋण के भुगतान और मकान निर्माण की जिम्मेदारी उनके बुजुर्ग माता-पिता पर आ गई है।
माता-पिता के सामने आजीविका का संकट
विधायक ने यह भी कहा कि शहीद की पत्नी को प्राप्त सरकारी मुआवजा राशि में से माता-पिता को कोई हिस्सा नहीं मिला है, जिससे वृद्ध माता-पिता के समक्ष आजीविका और भरण-पोषण का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जनभावनाओं और परिवार की आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए शहीद के छोटे भाई अभिषेक कुमार को उनकी योग्यता के अनुसार अनुकंपा या विशेष प्रावधान के तहत सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।
‘शहादत के सम्मान का मजबूत संदेश जाएगा’
विधायक ऋतुराज कुमार ने अपने पत्र में कहा है कि शहीद के भाई को सरकारी नौकरी और विद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किए जाने से न केवल पीड़ित परिवार को सहारा मिलेगा, बल्कि समाज में शहादत और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान की भावना भी और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए दोनों मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
