इस्कॉन मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गोवर्धन उत्सव, भगवान को चढ़ाया गया छप्पन भोग

0
IMG-20261110-WA0008
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 नवम्बर 2026,


गयाजी। इस्कॉन (ISKCON) मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजा एवं गो-पूजन का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान श्री राधा रमण देव के विग्रह के समक्ष गिरिराज गोवर्धन पर्वत की भव्य झांकी सजाई गई। फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। उत्सव में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया और भजन-कीर्तन के बीच गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की।

भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का किया वर्णन

उत्सव के दौरान इस्कॉन गयाजी के मंदिर अध्यक्ष जगदीश श्याम दास ने श्रद्धालुओं को गोवर्धन लीला के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार गोवर्धन पर्वत का संबंध गोलोक धाम से है। उन्होंने पुलस्त्य ऋषि और गिरिराज गोवर्धन से जुड़ी कथा का भी वर्णन किया।

उन्होंने द्वापर युग की गोवर्धन लीला का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के अहंकार को समाप्त करने के लिए ब्रजवासियों को इंद्र पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत, गायों और प्रकृति की पूजा करने की प्रेरणा दी थी। इसी परंपरा के तहत आज भी गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जाता है।

गोवर्धन परिक्रमा, आरती और छप्पन भोग रहे आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए गोवर्धन पर्वत की सामूहिक परिक्रमा की और विधि-विधान से आरती की। भगवान को 56 प्रकार के व्यंजनों से तैयार छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गो-पूजन किया गया तथा गायों को ग्रास खिलाकर उनके प्रति श्रद्धा प्रकट की गई।

भंडारे में भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद

उत्सव के समापन पर मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं और आगंतुकों ने एक साथ बैठकर महाप्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद में चावल, पूड़ी, राजमा-सोयाबीन की सब्जी, हलवा और पकौड़े सहित विभिन्न व्यंजन शामिल थे।

सेवकों और श्रद्धालुओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन

मंदिर अध्यक्ष जगदीश श्याम दास ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सेवकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से रमाकांत मुरारी दास, रामनारायण दास, श्यामल दास, असीम ऋषिकेश दास, सहिष्णु विप्र दास, अमन, रोहित, पुसंत, अमरेश, आदर्श, सागर, ऋतुराज, सत्यभामा सेविका, वैष्णवी और अहल्या देवी सहित अन्य सहयोगियों की निस्वार्थ सेवा की सराहना की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page