उदेरास्थान बैराज में जलस्तर घटने की प्रवृत्ति, प्रशासन अलर्ट; संवेदनशील स्थलों पर बढ़ाई गई निगरानी

0
image_search_1788626201414.webp
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 05 सितंबर 2026

जहानाबाद: जल संसाधन विभाग एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों से प्राप्त अद्यतन जानकारी के अनुसार उदेरास्थान बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 81.83 मीटर दर्ज किया गया है। यह निर्धारित डेंजर लेवल 82.50 मीटर से 0.67 मीटर नीचे है। प्रशासन के अनुसार बैराज पर जलस्तर में फिलहाल गिरावट की प्रवृत्ति बनी हुई है।

लो-लेवल पुल-पुलियों और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी

जिला प्रशासन द्वारा जाफरगंज, शकुराबाद एवं साईं मंदिर स्थित लो-लेवल पुल-पुलियों सहित जिले के अन्य संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने, जलस्तर एवं जलप्रवाह की समीक्षा करने तथा आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग और रात्रि प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल एवं अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

माइकिंग और सोशल मीडिया से लोगों को किया जा रहा जागरूक

नदी तटों, निचले इलाकों और तेज जलप्रवाह वाले स्थानों पर आम लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। इसके लिए माइकिंग के साथ-साथ मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों एवं तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में स्नान करने, सेल्फी लेने अथवा अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे संवेदनशील स्थानों से दूर रखने तथा जलमग्न अथवा तेज बहाव वाले पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी है।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना

किसी भी असामान्य स्थिति या आपात परिस्थिति की सूचना जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC), जहानाबाद को दी जा सकती है।

हेल्पलाइन नंबर:
📞 9431805088
📞 06114-295071
📞 06114-295072

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page