लैब टू लैंड कार्यक्रम के तहत सीयूएसबी के विद्यार्थियों ने टाटानगर में किया भूवैज्ञानिक स्थलों का अध्ययन

0
IMG-20261110-WA0005
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 नवम्बर 2026,


गयाजी। किताबी ज्ञान को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने और विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के भूविज्ञान विभाग की ओर से झारखंड के टाटानगर एवं आसपास के क्षेत्रों में चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। ‘लैब टू लैंड’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस भ्रमण में एमएससी भूविज्ञान द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने विभिन्न भूवैज्ञानिक स्थलों, खनन परियोजनाओं और औद्योगिक इकाइयों का अध्ययन किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भूवैज्ञानिक संरचनाओं, खनिज संसाधनों, खनन गतिविधियों और औद्योगिक प्रक्रियाओं की प्रत्यक्ष जानकारी देना था। विभाग के शिक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह रावत एवं डॉ. धीरेंद्र कुमार ने भ्रमण का समन्वय किया।

खनन और औद्योगिक गतिविधियों की मिली प्रत्यक्ष जानकारी

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कुज्जू क्षेत्र, यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल), हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल), दलमा एवं चांडिल संरचनाओं तथा एक महत्वपूर्ण बांध स्थल का दौरा किया।

इन स्थलों पर विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार की चट्टानों, भूवैज्ञानिक संरचनाओं, खनिजीकरण और कायांतरण प्रक्रियाओं का अध्ययन किया। वहीं, यूसीआईएल और एचसीएल के भ्रमण के दौरान उन्हें यूरेनियम एवं तांबा खनन, खनिज अन्वेषण, अयस्क निष्कर्षण और खनिज प्रसंस्करण की तकनीकों को करीब से समझने का अवसर मिला।

भूवैज्ञानिक मानचित्रण और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर

भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय भूवैज्ञानिक संरचनाओं का अवलोकन, भूवैज्ञानिक मानचित्रण, चट्टानों एवं खनिजों की पहचान तथा खनन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों को समझने पर विशेष ध्यान दिया गया। बांध स्थल के अध्ययन से विद्यार्थियों को बड़े निर्माण कार्यों में भूवैज्ञानिक अन्वेषण, अभियंत्रण भूविज्ञान और भू-तकनीकी अध्ययन की भूमिका की जानकारी मिली।

किताबी ज्ञान को धरातल पर समझने का अवसर

विभाग की ओर से बताया गया कि ‘लैब टू लैंड’ जैसी पहल का उद्देश्य अकादमिक शिक्षा और औद्योगिक कार्यप्रणाली के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है। ऐसे क्षेत्रीय भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शोध के प्रति रुचि और व्यावसायिक दक्षता विकसित होती है। साथ ही, भविष्य में भूविज्ञान एवं खनन क्षेत्र में करियर बनाने वाले विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने में मदद मिलती है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page