दूसरे के बैंक खातों का इस्तेमाल कर करते थे ठगी, 14 एटीएम कार्ड, 22 सिम कार्ड और ₹34 हजार नगद के साथ साइबर ठगी गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार

0
Screenshot_2026_0621_210008.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जून 2026,

गयाजी: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गयाजी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना पुलिस ने एक संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 14 एटीएम कार्ड, 22 सिम कार्ड, एक चेकबुक, एक पासबुक, एक मोबाइल फोन और ₹34,000 नकद बरामद किए गए हैं।

म्यूल खातों के जरिए हो रहा था साइबर फ्रॉड का खेल

साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अपने बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने और उसे दूसरे खातों में स्थानांतरित करने के लिए कर रहे हैं।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक – सह – थानाध्यक्ष, साइबर थाना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान म्यूल खाताधारकों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि रॉकी कुमार नामक व्यक्ति प्रलोभन देकर लोगों से उनके बैंक खाते और सिम कार्ड लेता था।

रॉकी से शुरू हुई जांच, खुलती गई गिरोह की परतें

पुलिस ने मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के धर्मशी गांव निवासी रॉकी कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने छह बैंक खाते अभिषेक पासवान को दिए थे, जिसके बदले उसे प्रति खाते पांच हजार रुपये मिले थे।

इसके बाद पुलिस ने परैया थाना क्षेत्र के कमलदाह गांव निवासी अभिषेक पासवान को गिरफ्तार किया। उसके घर की तलाशी में ₹34 हजार नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। अभिषेक ने पूछताछ में बताया कि उसने सभी खाते अंकित कुमार को दिए थे, जो प्रत्येक खाते के बदले सात हजार रुपये देता था।

औरंगाबाद से गिरफ्तार हुआ गिरोह का अहम सदस्य

अभिषेक की निशानदेही पर पुलिस ने औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के गांधार गांव निवासी अंकित कुमार को गिरफ्तार किया। उसके घर की तलाशी में 14 एटीएम कार्ड, 22 सिम कार्ड, एक पासबुक और एक चेकबुक बरामद किए गए।

एनसीआरपी पोर्टल की जांच में सामने आई साइबर शिकायतें

पुलिस ने जब एनसीआरपी पोर्टल पर जांच की तो कई खातों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज मिलीं। इसके आधार पर गौतम कुमार, निखिल कुमार, गौतम कुमार और आकाश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि इन म्यूल खातों के जरिए कुल ₹8,98,538 की राशि प्राप्त की गई थी, जिसे तत्काल निकालकर विभिन्न खातों में स्थानांतरित कर दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. रॉकी कुमार, धर्मशी, थाना मगध मेडिकल, गयाजी

2. अभिषेक पासवान, कमलदाह, थाना परैया, गयाजी

3. अंकित कुमार, गांधार, थाना रफीगंज, औरंगाबाद

4. गौतम कुमार, पथरौरा, थाना मगध मेडिकल, गयाजी

5. निखिल कुमार, बजराही, थाना मगध मेडिकल, गयाजी

6. गौतम कुमार, बजराही, थाना मगध मेडिकल, गयाजी

7. आकाश कुमार, पाताल बीघा, थाना मगध मेडिकल, गयाजी


एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अंकित कुमार के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। उसके विरुद्ध नालंदा जिले के नूरसराय थाना में वर्ष 2023 में एक मामला दर्ज किया गया था।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या-91/26, दिनांक 21 जून 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page