किलकारी समर कैंप ‘चक धूम-धूम’ का भव्य समापन, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जून 2026,
गयाजी: किलकारी बिहार बाल भवन, गयाजी द्वारा आयोजित समर कैंप ‘चक धूम-धूम’ का भव्य समापन समारोह रविवार को किलकारी के प्रेक्षागृह में संपन्न हुआ। समारोह में सैकड़ों बच्चों ने देश के विभिन्न राज्यों की लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने त्रिपुरा के होजागीरी, पश्चिम बंगाल के लोक नृत्य, बिहार के झिझिया, पंजाब के भंगड़ा, महाराष्ट्र के लावणी तथा राजस्थान के घूमर की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन नृत्यों का निर्देशन प्रशिक्षक कुमार शेखर एवं गौतम कुमार गोलू ने किया।
मेडल वितरण और फन गेम्स का हुआ आयोजन
समारोह के प्रथम सत्र में बच्चों के बीच मेडल वितरण एवं फन गेम्स का आयोजन किया गया। इसके बाद चेरकी बाल केंद्र, मानपुर बाल केंद्र, चांद चौरा बाल केंद्र तथा बाल भवन के बच्चों ने सूफी नृत्य, लोकगीत, नाटक और तबला वादन की आकर्षक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
बच्चों को प्रशिक्षण देने में प्रशिक्षक दिनेश कुमार, संदीप कुमार, नंदकिशोर कुमार, अंजली कुमारी, श्वेता कुमारी, अखलेश कुमार एवं गोविंद कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कई गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा
समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी नेहा कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्ण मुरारी गुप्ता, जीएसटी के सहायक आयुक्त शिशिर सौरभ, राष्ट्रपति सम्मानित डॉ. सच्चिदानंद प्रेमी, वरिष्ठ छायाकार एवं पत्रकार रूपक कुमार सिन्हा, गया संग्रहालय के पूर्व निदेशक अरविंद महाजन तथा शिक्षक प्रिंस डायर ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण हैं ऐसे शिविर : आकाश कुमार
इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार ने कहा कि इस प्रकार के समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने तथा कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
क्राफ्ट और कलाकृतियों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
समर कैंप के दौरान बच्चों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टॉलों में क्राफ्ट, चित्रकला, स्टोन आर्ट और जूट से निर्मित विभिन्न कलाकृतियों का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।
समर कैंप के दौरान बच्चों को विभिन्न कला, संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। लेखा पदाधिकारी गुड़िया कुमारी ने सभी बच्चों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी।
प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव एवं प्रशिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में किलकारी की साधन सेवी सोनम कुमारी ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
