मुहर्रम को लेकर मुफ्फसिल थाना में शांति समिति की बैठक, 19 ताज़िया जुलूस को मिला लाइसेंस, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 जून 2026,
गयाजी: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को गयाजी के मुफ्फसिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ताज़िया कमेटी के सदस्यों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया और पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था को लेकर अपने-अपने सुझाव और समस्याएं खुलकर प्रशासन के समक्ष रखीं।
बैठक के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष क्षेत्र में निकलने वाले कुल 19 ताज़िया जुलूसों को लाइसेंस जारी किया गया है। सभी जुलूसों को निर्धारित मार्ग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। अधिकारियों ने बताया कि जुलूस की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे और वीडियो कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जा सके।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मुहर्रम जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। केवल पारंपरिक तरीके से ही जुलूस निकाला जा सकेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
“मुहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था के साथ संपन्न कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। इसके लिए यदि कड़े कदम उठाने पड़े तो प्रशासन पीछे नहीं हटेगा। किसी भी तरह की अफवाह, हुड़दंग या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
सुनील कुमार पांडे, एसडीपीओ वज़ीरगंज
मुफ्फसिल थाना प्रभारी डी0 आर0 इंद्र ने लोगों से आपसी भाईचारे की परंपरा को कायम रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की भी हिदायत दी गई।
बैठक के अंत में शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में वे हर संभव सहयोग करेंगे और क्षेत्र में आपसी सद्भाव बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
