नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी ने पत्रकारों के साथ की संवाद बैठक, स्थानीय समस्याओं पर मांगे सुझाव
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 22 जून 2026,
जहानाबाद: नवपदस्थापित जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सोमवार को समाहरणालय सभा कक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ एक पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और जनहित से जुड़े स्थानीय मुद्दों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से जन समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने पत्रकारों से जिले की प्रमुख समस्याओं और आम लोगों की परेशानियों से अवगत कराने का आग्रह किया।
पत्रकार सम्मेलन के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों ने जिले की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा। इनमें राजा बाजार स्थित रेलवे अंडरपास में जलजमाव की गंभीर समस्या, शहर में स्थायी वाहन पड़ाव (पार्किंग) नहीं होने के कारण जगह-जगह लगने वाले जाम, जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाला जलजमाव तथा नालियों एवं गलियों की नियमित सफाई नहीं होने की समस्या प्रमुख रूप से शामिल रही।
मीडिया प्रतिनिधियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और इनके स्थायी समाधान की आवश्यकता है।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा और प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद कायम रखा जाएगा, ताकि जिले के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
पत्रकार सम्मेलन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और मीडिया प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
