दिशा (DISHA) समिति की बैठक में जनहित के मुद्दों पर मंथन, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने दिए कई अहम निर्देश

0
Screenshot_2026_0622_210354.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 जून 2026,

गयाजी: जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को जिला परिषद सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री एवं गया सांसद जीतन राम मांझी ने की। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य प्रायोजित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी गया शशांक शुभंकर, विधायकगण, विधान पार्षद, जिला परिषद अध्यक्ष, प्रखंड प्रमुख, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।

जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने की अपील

बैठक की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से सकारात्मक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जन सरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

सड़क, आवास, स्वास्थ्य और पेयजल योजनाओं की समीक्षा

बैठक में जिले की सड़कों की स्थिति, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नल-जल योजना, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, मनरेगा, कृषि, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, खनन, सामुदायिक शौचालय निर्माण एवं बिजली आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

केंद्रीय मंत्री ने पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर निर्देश दिया कि जिस पंचायत के नाम पर भवन स्वीकृत है, उसे प्राथमिकता के आधार पर उसी पंचायत मुख्यालय में बनाया जाए। भूमि उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में ही अन्य विकल्पों पर विचार किया जाए।

आवासविहीन परिवारों को मिला जमीन का पर्चा

बैठक में बताया गया कि गयाजी कंडी के समीप आजाद बिगहा के 46 आवासविहीन परिवारों को जिला प्रशासन द्वारा जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया गया है। इस पहल की केंद्रीय मंत्री ने सराहना करते हुए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।

हर घर तक पहुंचे पेयजल

पीएचईडी विभाग को निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि हर घर नल-जल योजना के तहत अंतिम घर तक निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही अगले 15 दिनों के भीतर खराब पड़े सभी सार्वजनिक चापाकलों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर

सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। जिला स्वास्थ्य समिति की टीम द्वारा अस्पतालों की नियमित जांच कराने पर भी बल दिया गया।

सिंचाई और कृषि विकास पर विशेष चर्चा

बैठक में बोधगया प्रखंड के झकटिया पंचायत स्थित गरीबचक से नीसरवा नदी तक पइन उड़ाही कार्य को लेकर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस परियोजना से 50 से अधिक पंचायतों के हजारों एकड़ खेतों को सिंचाई सुविधा मिल सकती है और जिला प्रशासन से इस दिशा में कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न समस्याओं को उठाया, जिनमें दादपुर पइन पर अतिक्रमण, जन वितरण प्रणाली में अनियमितता, मनरेगा कार्यों की जांच, शिक्षकों के वेतन एवं सेवा पुस्तिका मामलों के निष्पादन, जर्जर सड़कों, बिजली आपूर्ति और ट्रांसफार्मर बदलने में लापरवाही जैसे मुद्दे शामिल रहे।

तालाबों के जीर्णोद्धार और सड़क निर्माण पर बल

बैठक में तालाबों के जीर्णोद्धार, सिंचाई संसाधनों के विकास तथा वन विभाग और अन्य विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी चर्चा हुई।

विकास कार्यों पर जताई संतुष्टि

बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि गयाजी जिला सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में अब सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन और आवास योजनाओं का लाभ बड़े पैमाने पर पहुंच रहा है, जिससे लोगों में संतोष का भाव दिखाई दे रहा है।

अंत में अपर समाहर्ता द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page