नदरपुर पंचायत में लगा ‘सहयोग शिविर’, 30 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान का भरोसा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 जून 2026,
गयाजी: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को गयाजी जिले के डोभी प्रखंड अंतर्गत नदरपुर पंचायत में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में गयाजी जिले के प्रभारी सचिव रोबर्ट एल. चोंग्थू मगध आयुक्त सफीना ए एन, मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव, गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार के अलावा संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया और आम लोगों की समस्याओं से संबंधित मामलों की सुनवाई की।
हर माह पंचायत स्तर पर लगेगा सहयोग शिविर
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सात निश्चय योजना-3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान को धरातल पर उतारने के लिए बिहार के सभी जिलों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज हो रही शिकायतें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मगध प्रमंडल आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 11 मई को सहयोग पोर्टल एवं हेल्पलाइन नंबर 1100 जारी किया गया था, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य निर्धारित समय सीमा के भीतर जन समस्याओं का निष्पादन करना है, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
30 दिनों के भीतर होगा हर आवेदन का निष्पादन
आयुक्त ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन हर हाल में 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंचल, प्रखंड और थाना स्तर की शिकायतों का भी तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
14 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त, 12 हजार मामलों का हुआ निष्पादन
इस अवसर पर गयाजी के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि सहयोग शिविर एवं सहयोग पोर्टल के माध्यम से जिले में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 14,029 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 12 हजार से अधिक आवेदनों का निष्पादन कर आवेदकों को निष्पादन पत्र उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्राप्त सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर समाधान किया जाए और संबंधित शिविर में आवेदकों को निष्पादन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
लाभुकों को वितरित किए गए स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण-पत्र
शिविर के दौरान कई लाभुकों को बासगीत पर्चा, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, मनरेगा जॉब कार्ड तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि से संबंधित सांकेतिक दस्तावेज भी प्रदान किए गए। इससे लाभुकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
