सीयूएसबी में अंतर विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन चार मुकाबले
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 सितंबर 2026
गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के मिल्खा सिंह खेल परिसर में अंतर विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू हो गई। पहले दिन छात्र और छात्रा वर्ग में चार मुकाबले खेले गए। मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली।
प्रतियोगिता का उद्घाटन छात्रा वर्ग के मुकाबले से हुआ। स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर और स्कूल ऑफ ह्यूमन साइंसेज की टीमें आमने-सामने थीं। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 20-20 अंकों की बराबरी पर रहीं। इसके बाद गोल्डन रेड से विजेता का फैसला हुआ। स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर की खिलाड़ी ने सफल रेड लगाकर अपनी टीम को जीत दिला दी।
छात्र वर्ग में स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज ने स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर को 38-9 से हराया। पूरे मुकाबले में सोशल साइंसेज की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया।
इसके बाद छात्रा वर्ग में स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज और स्कूल ऑफ फिजिकल एंड केमिकल साइंसेज (एसपीसीसी) के बीच मुकाबला हुआ। इसमें एसपीसीसी की टीम ने जीत दर्ज की। दिन के अंतिम मुकाबले में स्कूल ऑफ फार्मेसी और स्कूल ऑफ अर्थ एंड बायोलॉजिकल साइंसेज की टीमें भिड़ीं। फार्मेसी के रेडरों के बेहतर प्रदर्शन से टीम ने मुकाबला अपने नाम किया।
खेल से प्रतिभा के साथ टीम भावना को बढ़ावा
प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि प्रो. चेतना जायसवाल ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। स्पोर्ट्स एंड गेम्स कमेटी के चेयरमैन प्रो. प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। साथ ही उनमें अनुशासन और टीम भावना भी विकसित होती है।
कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का आयोजन सहायक निदेशक डॉ. जे. पी. सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है।
शिक्षक और विद्यार्थियों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के दौरान डॉ. आतिश दास, प्रो. अतुल कुमार, डॉ. अनुज कुमार सिंह, डॉ. अल्पना झा, डॉ. अरुण, डॉ. विकल कुमार सिंह, डॉ. सुदर्शन बेहरा, डॉ. गौरव कुमार सिंह और डॉ. रेनू समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
