पितृपक्ष मेला को लेकर देर रात विष्णुपद मंदिर परिसर पहुंचे पुलिस अधिकारी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 सितंबर 2026
गयाजी: पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर गयाजी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को तेज कर दिया है। रविवार की मध्य रात्रि वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव और अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने विष्णुपद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की हुई समीक्षा
पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं की भी समीक्षा की गई।
अस्थायी थाना का भी किया निरीक्षण
अधिकारियों ने विष्णुपद मंदिर परिसर में बनाए गए अस्थायी थाना का भी निरीक्षण किया। वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और पुलिसकर्मियों की तैनाती से संबंधित जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मेला के दौरान सुरक्षा पर पुलिस की नजर
पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए गयाजी पुलिस की ओर से सुरक्षा तैयारियों को लगातार देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मेला अवधि में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
