गुरुआ स्वर्ण लूटकांड का खुलासा: पुलिस-एसटीएफ मुठभेड़ में दो अपराधी गिरफ्तार, 40 लाख का सोना बरामद
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 जून 2026,
गयाजी: जिले के चर्चित गुरुआ स्वर्ण लूटकांड का खुलासा करते हुए गयाजी पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान चलहोपुर पहाड़ी स्थित हथिया डैम के समीप पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी। घायल अपराधियों का इलाज मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रहा है। यह जानकारी जिले के एसएसपी सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर साझा की है।
गुप्त सूचना पर की गई संयुक्त कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरुआ लूटकांड में शामिल अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर विशेष अभियान चलाया।
सरेंडर की चेतावनी के बावजूद अपराधियों ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार संदिग्ध अपराधियों को चारों ओर से घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा गया था। लेकिन अपराधियों ने पुलिस और एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस और एसटीएफ द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
दो अपराधी गिरफ्तार, तीन अब भी फरार
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सुजीत कुमार उर्फ सुजीत चौधरी, पिता विजय चौधरी, निवासी झौर थाना शेरघाटी तथा श्रवण कुमार, पिता गोपाल चौधरी, निवासी बनाही थाना आमस के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान गिरोह के तीन अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पूछताछ में कबूली गुरुआ लूटकांड में संलिप्तता
अस्पताल में पूछताछ के दौरान दोनों अपराधियों ने गुरुआ बाजार में हुई स्वर्ण लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।
40 लाख रुपये मूल्य का 277.543 ग्राम सोना बरामद
पुलिस को इस कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गिरफ्तार अपराधियों के बयान के आधार पर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से अब तक कुल 277.543 ग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसके अलावा अपराधियों के पास से लूटे गए 40 छोटे-बड़े स्वर्ण आभूषण, 30 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। बरामदगी के संबंध में पुलिस आगे सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
हथियार और बाइक भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक अपाची मोटरसाइकिल, दो लोडेड देसी पिस्टल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल अन्य आपराधिक घटनाओं में भी किया गया हो सकता है।
अपराधियों का है लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अपराधी सुजीत चौधरी के खिलाफ शेरघाटी एवं बरही थाना में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। वहीं श्रवण कुमार के खिलाफ इमामगंज थाना में लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं।
फरार अपराधियों की तलाश में जारी है छापेमारी
एसएसपी ने बताया कि फरार तीन अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण उद्भेदन कर लिया जाएगा।
