बख्तियारपुर सीढ़ी घाट का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण, गंगा रिवर फ्रंट विकास कार्यों की सराहना

0
1768756369131.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना | 18 जनवरी 2026,

बख्तियारपुर। माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज बख्तियारपुर में गंगा तट स्थित सीढ़ी घाट का भ्रमण कर गंगा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई गई विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सीढ़ी घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय एवं आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु स्नान एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए घाट का सुनियोजित, सुव्यवस्थित और सौंदर्यपूर्ण विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि अब श्रद्धालुओं को स्नान, पूजा और अन्य धार्मिक कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी, जो इस योजना की सफलता को दर्शाता है।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीढ़ी घाट स्थित श्री राधे-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रदेश के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सौहार्द के लिए भी प्रार्थना की।

तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद पंडित शीलभद्र याजी तथा उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय बालकेश्वरी याजी के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page