निगरानी ब्यूरो की एक दिन में ट्रिपल कार्रवाई, तीन जिलों में 45 हजार रुपये रिश्वत लेते तीन गिरफ्तार

0
1788887389845.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | पटना | 08 सितंबर 2026

पटना: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में तीन अलग-अलग मामलों में तीन सरकारी कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जहानाबाद, शेखपुरा और पटना में हुई इन कार्रवाइयों में कुल 45 हजार रुपये रिश्वत की रकम बरामद की गई।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार तीनों मामलों में शिकायतों का सत्यापन कराने के बाद रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अलग-अलग धावादल का गठन किया गया।

जहानाबाद में मनरेगा के कनीय अभियंता 20 हजार लेते गिरफ्तार

पहली कार्रवाई जहानाबाद में की गई। निगरानी थाना कांड संख्या 105/26, दिनांक 07 सितंबर 2026 के प्राथमिकी अभियुक्त अमन कुमार, कनीय अभियंता, मनरेगा, प्रखंड सदर, जहानाबाद को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।

ब्यूरो के अनुसार, परिवादी अशोक कुमार ने शिकायत की थी कि ग्राम पंचायत जामुक में मनरेगा के तहत 6,77,790 रुपये की लागत से तीन योजनाओं का काम पूरा करने के बाद मापी पुस्तिका के सत्यापन के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत के सत्यापन में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक आसिफ इकबाल मेहदी के नेतृत्व में गठित धावादल ने अमन कुमार को जहानाबाद के अंबेदकर चौक के बगल स्थित एक झोपड़ीनुमा होटल से रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा।

शेखपुरा DTO कार्यालय में 15 हजार लेते लिपिक गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई शेखपुरा जिला परिवहन कार्यालय में हुई। निगरानी थाना कांड संख्या 106/25, दिनांक 07 सितंबर 2026 के प्राथमिकी अभियुक्त कुणाल कुमार, निम्नवर्गीय लिपिक, जिला परिवहन कार्यालय, शेखपुरा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते कार्यालय के वरीय लिपिक कक्ष से गिरफ्तार किया गया।

ब्यूरो के अनुसार, परिवादी राजू प्रसाद ने शिकायत की थी कि उनके एग्रीकल्चर ट्रैक्टर संख्या UP-30AC-4378 का बिहार नंबर लेने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में गठित धावादल ने कार्रवाई करते हुए कुणाल कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा।

पटना में वाहन छोड़ने के एवज में 10 हजार की रिश्वत

तीसरी कार्रवाई पटना में हुई। निगरानी थाना कांड संख्या 107/25, दिनांक 08 सितंबर 2026 के प्राथमिकी अभियुक्त उपेन्द्र साह, पुलिस अवर निरीक्षक, जेपी गंगा पथ, यातायात थाना (गांधी मैदान), पटना को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।

ब्यूरो के अनुसार, परिवादी जमील अंसारी ने शिकायत की थी कि उनके कब्जे में रखे वाहन को छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में गठित धावादल ने जेपी गंगा पथ, दीघा स्थित यातायात थाना के सिरिस्ता कक्ष में कार्रवाई करते हुए उपेन्द्र साह को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page