27 लाख की फिरौती के लिए युवक का अपहरण, पुलिस ने सकुशल बरामद कर तीन को किया गिरफ्तार

0
IMG-20260908-WA0009.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 8 सितंबर 2026

गयाजी: जिले में फिरौती के लिए युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। रामपुर थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

अज्ञात नंबर से आया फोन, 27 लाख रुपये की मांगी फिरौती

पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को युवक की मां ने रामपुर थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन में बताया गया कि उनका पुत्र घर से कहीं चला गया था। काफी देर होने के बाद फोन करने पर उसने बताया कि वह सिकड़िया मोड़ पर है। कुछ देर बाद दोबारा फोन किया गया तो युवक का मोबाइल बंद मिला।

इसी बीच 7 सितंबर को करीब शाम 6 बजे युवक की मां के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उनका पुत्र उसके कब्जे में है। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने 27 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। फिरौती नहीं देने पर युवक को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

रामपुर थाना में दर्ज हुआ मामला, नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में बनी विशेष टीम

मामले को लेकर रामपुर थाना में कांड संख्या-540/26, दिनांक-07.09.2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

विशेष टीम में रामपुर थानाध्यक्ष, रामपुर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ तकनीकी शाखा, गयाजी के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को शामिल किया गया।

कुजापी सब्जी मंडी से सकुशल बरामद हुआ युवक

गठित विशेष टीम ने आसूचना संकलन एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुजापी सब्जी मंडी से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से इस मामले में संलिप्त एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया।

महिला की निशानदेही पर जेल रोड से दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला आरोपी की निशानदेही पर मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपियों को रामपुर थाना क्षेत्र के जेल रोड से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थानास्तर से अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

जहानाबाद और गयाजी के रहने वाले हैं दो गिरफ्तार आरोपी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में विकाश कुमार, पिता- सत्येन्द्र सिंह, निवासी कचनामा, थाना मखदुमपुर, जिला जहानाबाद तथा पवन कुमार, पिता- सूर्यदेव प्रसाद, निवासी न्यू कॉलोनी भलुआही खरखुरा, थाना डेल्हा, जिला गयाजी शामिल हैं। इसके अलावा एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page