नीमचक बथानी में निर्माणाधीन मकान में पानी पटाने को लेकर मारपीट, 9 आरोपी गिरफ्तार
गया: नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के एक गांव में निर्माणाधीन मकान में पानी पटाने के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, वादी ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया कि वह अपने निर्माणाधीन मकान में पानी से दिवाल पटा रहे थे। इसी दौरान संजीत यादव अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब वादी ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि सभी ने जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के संबंध में नीमचक बथानी थाना कांड संख्या 224/26, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पुलिस की कार्रवाई में 9 आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए नीमचक बथानी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में संजीत यादव, अनील यादव, विनय यादव और सुनील यादव शामिल हैं। ये चारों रामरक्षा प्रसाद के पुत्र बताया जा रहा है। वहीं इसके अलावा रविशंकर कुमार और शिवम कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। जो कि दोनों अनील यादव के पुत्र बताया जा रहा है। सभी छह पुरुष आरोपी सियर भुक्का गांव, थाना नीमचक बथानी, जिला गया के निवासी हैं। इनके साथ तीन महिला अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी की गई है।
पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
