बाउंड्री करवाने में सहयोग के बदले 1 लाख घूस मांगे, पटना के अपर थानाध्यक्ष गिरफ्तार

0
Screenshot_2026_0513_203309.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना / शिवहर | 13 मई 2026,

पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में दो सरकारी कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई में निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने शिवहर जिले के जिला कृषि कार्यालय में कार्यरत बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

लाइसेंस बनवाने के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत

मामले में परिवादिनी मनिषा देवी ने निगरानी ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि खाद एवं बीज दुकान का लाइसेंस बनवाने के एवज में आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 055/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में गठित धावादल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय कक्ष से रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।

पटना में अपर थानाध्यक्ष एक लाख रुपये लेते गिरफ्तार

वहीं दूसरी कार्रवाई में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पटना के जानीपुर थाना में पदस्थापित पु.अ.नि.-सह-अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

जमीन की बाउंड्री कराने के एवज में मांगी गई थी रकम

परिवादी कौशल किशोर ने शिकायत की थी कि जानीपुर थाना क्षेत्र स्थित उनकी जमीन की सरकारी अमीन से मापी हो चुकी थी, लेकिन असामाजिक तत्वों द्वारा बाउंड्री नहीं करने दी जा रही थी। आरोप है कि जमीन की बाउंड्री कराने में सहयोग के बदले आरोपी पुलिस अधिकारी ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत सत्यापन के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 056/26 दर्ज किया गया और डीएसपी अरुणोदय पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। धावादल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बग्घा टोला स्थित नहर किनारे रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश

निगरानी ब्यूरो के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। दोनों मामलों में आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page