गया कॉलेज के शिक्षा शास्त्र विभाग में संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम आयोजित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 नवम्बर 2026,
गयाजी। गया कॉलेज, गयाजी के शिक्षा शास्त्र विभाग में संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार, 25 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र के दिशा-निर्देशन में किया गया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय धीरज ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के महत्व और उसमें निहित मूल्यों, आदर्शों एवं उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल देश का सर्वोच्च कानून नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों का आधार भी है। विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने के साथ अपने मौलिक कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक चेतना और मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
इस दौरान विभाग के शिक्षक अमरेंद्र कुमार, अजय शर्मा, दो रानी, नीना प्रियदर्शनी, शिक्षकेतर कर्मचारी अश्वनी कुमार, ताजवर नाज, साबिर अली, विकास कुमार सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मोहम्मद सदरे आलम ने किया।
