सीयूएसबी में संविधान दिवस पर सामूहिक प्रस्तावना पाठ, कुलपति बोले- परिवार लोकतंत्र की पाठशाला
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 26 नवम्बर 2026,
गयाजी। संविधान दिवस के अवसर पर दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान का मूलाधार भारत की संस्कृति, संस्कार और प्राचीन लोकतांत्रिक मूल्य हैं। हमारे परिवार लोकतंत्र की पाठशाला एवं प्रशिक्षण केंद्र हैं।
कुलपति ने कहा कि भारतीय मूल्य और संस्कृति अमर हैं। जब तक भारतीय संस्कृति और संस्कार जीवित रहेंगे, तब तक भारत के संविधान को कोई निर्मूल नहीं कर सकता। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। संविधान दिवस इन मूल्यों की प्रासंगिकता को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश देता है।
कुलपति के नेतृत्व में हुआ प्रस्तावना का पाठ
विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस (एसएलजी) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इस दौरान कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मयोगी, शोधार्थी और विद्यार्थियों ने सच्ची निष्ठा के साथ संविधान की उद्देशिका पढ़ी।
कुलपति ने कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। यह दिन संविधान निर्माताओं के अथक प्रयासों और उनके योगदान की याद दिलाता है। उन्होंने संविधान दिवस को भारत के इतिहास का स्वर्णिम अवसर बताते हुए कहा कि देश को अपने संविधान पर गर्व है।
केंद्रीय विद्यालय के बच्चों की सहभागिता रही खास
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के डीन एवं अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार के नेतृत्व में विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण केंद्रीय विद्यालय के बच्चों की सहभागिता रही। उनकी मौजूदगी ने बच्चों से लेकर युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया।
