कृषि फीडर ट्रांसफार्मर चोरी पर प्रशासन सख्त, दोषियों की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई रणनीति
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 27 जून 2026,
जहानाबाद: जिले में कृषि फीडर के ट्रांसफार्मरों की बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी छिरिड वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति तैयार की गई।
जिले में 112 ट्रांसफार्मर चोरी से प्रभावित
बैठक में बताया गया कि जिले में कृषि कार्यों के लिए कुल 3,061 ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण अब तक 112 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। इन सभी मामलों में विद्युत विभाग की ओर से प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जा चुकी है।
दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कड़े निर्देश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस समस्या पर तत्काल काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं की त्वरित सूचना प्राप्त करने और अपराधियों तक पहुंचने के लिए विशेष कार्य योजना पर भी चर्चा की गई।
खरीफ फसल और पटवन को लेकर प्रशासन चिंतित
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कृषि प्रधान जिले में खरीफ फसल की बुआई और सिंचाई (पटवन) की जरूरतों को देखते हुए ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
250 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे
विद्युत विभाग द्वारा कृषि फीडर के लिए 250 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन 7 से 8 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए प्रतिदिन 12 से 15 ट्रांसफार्मर स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया, ताकि धान की बुआई के दौरान किसानों को सिंचाई संबंधी कोई समस्या न हो।
किसानों को राहत देने पर प्रशासन का फोकस
जिला प्रशासन ने कहा कि किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और ट्रांसफार्मर चोरी में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
