40वें जिला स्थापना दिवस का भव्य समापन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा जहानाबाद

0
1785607834556.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 01 अगस्त 2026,

जहानाबाद। 40वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य समापन समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में कैंडल प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आंगनबाड़ी सेविकाओं ने जहानाबाद की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती आकर्षक रंगोली बनाकर स्थापना दिवस के उत्सव को और भी विशेष बना दिया।

कैंडल प्रज्वलन के साथ हुआ समापन

समापन समारोह में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कैंडल प्रज्वलित कर जिले की प्रगति, शांति और समृद्धि का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी रही।

जहानाबाद की विकास यात्रा पर विशेष डॉक्यूमेंट्री

स्थापना दिवस के अवसर पर जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं विकास यात्रा पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसमें विश्व धरोहर की ओर अग्रसर बराबर गुफाएं, बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना, सुशासन, जनकल्याण, कला और खेल के क्षेत्र में जिले की उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। डॉक्यूमेंट्री ने जहानाबाद की गौरवशाली पहचान और विकसित भविष्य की झलक दिखाई।

रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति देते कलाकार

सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने बांधा समां

अब्दुलबारी नगर भवन में आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, मखदुमपुर विधायक सुबेदार दास, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया तथा पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान जहानाबाद के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान का जिलेवासियों के नाम भेजा गया शुभकामना वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं, शिक्षा विभाग के कर्मियों तथा पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर “सम्मान—महिलाओं का, पर्यावरण का एवं सबका” थीम के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया गया।

जिले के गौरव और विकास का उत्सव

40वें जिला स्थापना दिवस के आयोजन ने जहानाबाद की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक पहचान और विकास यात्रा को एक मंच पर प्रस्तुत किया। प्रशासन ने इसे जिले की उपलब्धियों और भविष्य के संकल्पों का उत्सव बताते हुए सभी नागरिकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगण
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page