बाराचट्टी में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, झारखंड नंबर की कार से भारी मात्रा में शराब बरामद

0
IMG-20260509-WA0012.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 मई 2026,

गयाजी: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। बाराचट्टी थाना क्षेत्र के भलुआचट्टी इलाके में छापेमारी कर झारखंड नंबर की एक एस-प्रेसो कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

कार से 157 लीटर से अधिक शराब बरामद

सहायक आयुक्त मद्य निषेध गयाजी प्रिय रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार में अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने भलुआचट्टी में वाहन संख्या JH-02BH-1744 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से कुल 157.560 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं बीयर बरामद हुई। बरामद शराब में कुल 476 बोतलें शामिल हैं।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कमालपुर निवासी राहुल कुमार (21 वर्ष) एवं बाराडीह निवासी कुन्दन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि राहुल कुमार वाहन चला रहा था। उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जांच जारी, नेटवर्क खंगालने में जुटा विभाग

उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब की खेप झारखंड से बिहार लाई जा रही थी। मामले में अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा। इस छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के कई अधिकारी, अवर निरीक्षक स्तर के पदाधिकारी तथा सैप बल के जवान शामिल रहे।

शराबबंदी के बावजूद जारी है तस्करी

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद पड़ोसी राज्यों से शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गयाजी जिला झारखंड सीमा से सटा होने के कारण तस्करों के लिए आसान मार्ग बना हुआ है। हालांकि उत्पाद विभाग और पुलिस लगातार कार्रवाई कर तस्करी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page