जमाबंदी का लॉक खोलने के नाम पर रिश्वतखोरी: बेतिया अंचल कार्यालय का डाटा एंट्री ऑपरेटर गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | पटना / बेतिया | 16 जून 2026,
पटना/बेतिया: भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीआईयू) को एक बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अंचल कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जमाबंदी का लॉक खोलने के एवज में मांगी जा रही थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार परिवादी बालेश्वर कुमार, निवासी बरवत पससाइन, थाना मुफस्सिल, जिला पश्चिम चंपारण ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अंचल कार्यालय बेतिया में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र द्वारा जमाबंदी का लॉक खोलने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है।
सत्यापन में सही पाया गया आरोप
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान यह प्रमाणित हुआ कि आरोपी द्वारा वास्तव में रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर निगरानी थाना कांड संख्या-073/26 दिनांक 15 जून 2026 दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की गई।
विशेष धावादल का गठन कर की गई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी राज कुमार मिश्र को अंचल कार्यालय, बेतिया में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
