मुहर्रम पर्व को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया नगर क्षेत्र का निरीक्षण

0
1782498376509.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 26 जून 2026,

जहानाबाद: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर ताजिया जुलूस की तैयारियों एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

जिला प्रशासन द्वारा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा पूर्व में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर विभिन्न जुलूस समितियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक श्री कोटा किरण कुमार ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थलों पर वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी, सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार के हथियार के प्रदर्शन एवं उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष 06114-223013, पुलिस नियंत्रण कक्ष अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) मनीष कुमार चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page