खिजरसराय के बिहटा और मंडई में विकास की नई सौगात, विधायक रोमित कुमार ने किया पंचायत सरकार भवन व दो विद्यालयों का उद्घाटन

0
1782567070797.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 जून 2026,

गयाजी: जिले के खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत बिहटा एवं मंडई गांव में शनिवार को विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई। अतरी विधायक रोमित कुमार ने बिहटा पंचायत सरकार भवन तथा दो नए विद्यालयों का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

पंचायत सरकार भवन से लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

बिहटा में पंचायत सरकार भवन के उद्घाटन के साथ ही अब ग्रामीणों को कई सरकारी सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोमित कुमार ने कहा कि जल्द ही विभिन्न विभागों के अधिकारी निर्धारित दिनों में पंचायत सरकार भवन में उपस्थित रहेंगे, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन में सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप किए जाएंगे तथा किसी भी प्रकार के अनुचित दबाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जल्द होगी कर्मियों की नियमित तैनाती

बीपीआरओ सह पंचायती राज पदाधिकारी अमरदीप कुमार चौधरी ने बताया कि पंचायत सरकार भवन में आवश्यक कर्मियों की नियमित तैनाती शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को सभी सरकारी सुविधाएं समय पर और एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

दो नए विद्यालयों का भी हुआ उद्घाटन

विधायक ने इस दौरान बिहटा +2 उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं मंडई उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकता है और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार रमन, मुखिया प्रतिनिधि सीता यादव, लालू यादव, विधायक प्रतिनिधि दयाशंकर उर्फ बबलू तिवारी, मनोज कुशवाहा, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page