मुहर्रम को लेकर जहानाबाद प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च

0
1782401450830.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 25 जून 2026,

जहानाबाद: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जहानाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पदाधिकारी छिरिड़• वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के संयुक्त नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर भव्य फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।

फ्लैग मार्च के माध्यम से जिले में शांति, विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को मुहर्रम पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम पूरे

जिला पदाधिकारी ने बताया कि मुहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय स्थापित किया जा चुका है तथा महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

उन्होंने कहा कि सभी लाइसेंसधारी जुलूसों के लिए समय एवं मार्ग निर्धारित कर दिए गए हैं और जुलूसों का संचालन निर्धारित समय एवं तय रूट से ही सुनिश्चित कराया जाएगा।

सामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

प्रशासन की ओर से सामाजिक एवं असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा अतिरिक्त चिकित्सा दलों और अग्निशमन वाहनों को भी तैयार स्थिति में रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती दल, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी नियमित रूप से भ्रमण कर विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

नियंत्रण कक्ष स्थापित

आमजन की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है।

नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या : 06114-223013

किसी भी प्रकार की परेशानी, शिकायत या सूचना के लिए आम नागरिक इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आपात स्थिति में 112 नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है।

डीजे और हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध

पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने कहा कि प्रशासन मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। जुलूस आयोजकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है तथा उन्हें सभी नियमों एवं शर्तों की जानकारी दे दी गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार के हथियारों के प्रदर्शन और उपयोग पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

अस्पताल मोड़ से अरवल मोड़ तक निकला फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च का आयोजन अस्पताल मोड़ से शुरू होकर बड़ी मस्जिद, सट्टी मोड़, पच्चमहला, मल्लहचक मोड़, फिदा हुसैन रोड होते हुए अरवल मोड़ तक किया गया।

फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष कुमार चौधरी, अधीक्षक गृहरक्षा वाहिनी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page