कायाकल्प अभियान को लेकर डीएम सख्त, चार दिनों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों का रंग-रोगन पूरा करने का निर्देश

0
Screenshot_2026_1107_194148
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 नवम्बर 2026,


गयाजी। कायाकल्प अभियान, ग्रामीण सड़कों के रखरखाव तथा दीपावली और छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, विभिन्न अभियंत्रण विभागों के अभियंता, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी और पंचायत राज पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी विद्यालयों के कायाकल्प कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ छठ पर्व से पहले घाटों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एक माह में सरकारी भवनों में शिफ्ट होंगे आंगनबाड़ी केंद्र

कायाकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन गांवों में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अपना भवन उपलब्ध नहीं है, वहां उसी गांव के हाई स्कूल अथवा अन्य सरकारी विद्यालय की जमीन पर भवन निर्माण की व्यवस्था की जाए। इसके लिए एक माह की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

वहीं, किराये के भवनों में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी अगले एक माह के भीतर संबंधित गांव या क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों के भवन अथवा उपलब्ध सरकारी परिसर में शिफ्ट कराने का निर्देश दिया गया।

अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण, धीमी प्रगति पर कार्रवाई के निर्देश

समीक्षा बैठक में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी गुरुआ, डोभी, कोंच, मोहनपुर और वजीरगंज अनुपस्थित पाए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।

इसके अलावा फतेहपुर और गुरुआ में कायाकल्प अभियान के कार्यों की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में रंग-रोगन का कार्य अगले चार दिनों के भीतर शत-प्रतिशत पूरा कराने को कहा गया। इसी तरह जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी सरकारी विद्यालयों में भी चार दिनों के अंदर रंग-रोगन पूरा कराने और कायाकल्प पोर्टल पर विद्यालयों के जियो-टैग फोटोग्राफ शत-प्रतिशत अपलोड कराने का निर्देश दिया गया।

पार्कों और छठ घाटों का सौंदर्यीकरण चार दिनों में पूरा करने का लक्ष्य

डीएम ने खराब स्थिति वाले पार्कों और ऐसे छठ घाटों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कराने का निर्देश दिया, जिन्हें बेहतर स्वरूप देने की आवश्यकता है। संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को अगले चार दिनों के भीतर पूरा कराने को कहा गया, ताकि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

छठ घाटों पर सफाई, पहुंच पथ, रोशनी और शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य

छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त, गया नगर निगम, सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, नगर पंचायत एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों तथा अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी छठ घाटों का स्वयं निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने घाटों पर बेहतर साफ-सफाई, नदी और घाट तक पहुंचने के लिए सुगम रास्ता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और शौचालय की समुचित सुविधा सुनिश्चित कराने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे और बस स्टैंड पर होगी सजावटी लाइटिंग

छठ पर्व के अवसर पर जिले में उत्सवी और भक्तिमय माहौल बनाने के लिए गया रेलवे स्टेशन, गया हवाई अड्डा और जिले के सभी बस स्टैंडों पर आकर्षक सजावटी लाइटिंग कराने का निर्देश दिया गया। इन स्थानों पर छठ गीतों का लगातार प्रसारण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके साथ ही सभी प्रखंड कार्यालयों, अनुमंडल कार्यालयों, पंचायत सरकार भवनों और अन्य प्रमुख सरकारी भवनों को भी सजावटी रोशनी से सजाने तथा छठ गीतों के प्रसारण की व्यवस्था करने को कहा गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली और छठ महापर्व के दौरान जिलेवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page