मुहर्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, 469 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

0
1782400199664.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 जून 2026,

गयाजी: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में गयाजी स्थित प्रेक्षागृह में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।

जिलेभर में 469 स्थानों पर तैनात रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी

मुहर्रम के अवसर पर शांति एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के 469 स्थानों पर 469 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें —

– सदर अनुमंडल में 175 स्थानों पर,
– नीमचक बथानी अनुमंडल में 57 स्थानों पर,
– टिकारी अनुमंडल में 62 स्थानों पर तथा
– शेरघाटी अनुमंडल में 175 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।

डीजे और हाई डेसिबल लाउडस्पीकर पर पूर्ण प्रतिबंध

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रामनवमी और बकरीद की तरह मुहर्रम में भी एसओपी का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। किसी भी स्थिति में डीजे के प्रयोग की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही हाई डेसिबल वाले लाउडस्पीकर पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने कहा कि सभी जुलूस थाना द्वारा सत्यापित मार्ग से ही निकाले जाएंगे तथा ताजिया की ऊंचाई का पूर्व आकलन किया जाएगा, ताकि बिजली तारों एवं अन्य अवरोधों से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि धार्मिक संगठनों या धर्म के नाम पर अफवाह, द्वेष और नफरत फैलाने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, साइबर सेनानियों की मदद से अफवाहों का खंडन करने और आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ड्रोन, वीडियोग्राफी और CCTV से होगी निगरानी

मुहर्रम जुलूस की निगरानी के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

– कोतवाली, सिविल लाइन और रामपुर थाना क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।
– शहरी क्षेत्र में 100 से अधिक वीडियोग्राफरों की तैनाती की गई है।
– 77 स्थानों पर हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
– विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर वॉच टावर, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।

ट्रैफिक और आपात सेवाओं पर विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने मुख्य चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के निर्देश दिए हैं। साथ ही नगर निगम को विशेष साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, फॉगिंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

सिविल सर्जन को जुलूस मार्गों पर एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा कोई जुलूस: एसएसपी

वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने कहा कि पूर्व वर्षों के लाइसेंसधारियों को ही इस बार लाइसेंस जारी किया गया है और बिना लाइसेंस कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च और पुलिस गश्ती करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

24 घंटे कार्यरत रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष

मुहर्रम पर्व के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो तीन पालियों में 24 घंटे कार्य करेगा।

नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर: 0631-2222634

नियंत्रण कक्ष के वरीय पदाधिकारी के रूप में अपर समाहर्ता (राजस्व) परितोष कुमार को नामित किया गया है।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्रखंडों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page