पटना और नवादा में निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रुपये रिश्वत लेते दो सरकारी कर्मी गिरफ्तार

0
Screenshot_2026_0603_210006.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना/ नवादा | 03 जून 2026,

पटना: राजधानी पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय अपर निदेशक डॉ. अजय कुमार को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गोविंद मित्रा रोड स्थित अशोका पैलेस के पास की गई।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार पटना निवासी विवेक सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी नेहा कुमारी वैशाली जिले के महनार स्थित एएनएम स्कूल में प्रभारी प्राचार्या के पद पर कार्यरत हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि डॉ. अजय कुमार उनकी पत्नी के साथ रहने की अनुमति देने और कार्रवाई नहीं करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 068/26 दर्ज किया गया और विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

मेसकौर में आवास योजना की किस्त के लिए मांगी जा रही थी घूस

दूसरी कार्रवाई में नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड में ग्रामीण आवास सहायक बीरू कुमार चौधरी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। निगरानी थाना कांड संख्या 067/26 के तहत की गई इस कार्रवाई में आरोपी को मेसकौर प्रखंड कार्यालय के सामने मुख्य सड़क के किनारे से दबोचा गया।

परिवादी धनंजय कुमार ने शिकायत की थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना (पूर्व में इंदिरा आवास) की तीसरी किस्त जारी कराने के लिए निर्माणाधीन मकान की तस्वीर अपलोड करने के बदले आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। सत्यापन के दौरान आरोप प्रमाणित होने के बाद निगरानी ब्यूरो ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

शिकायत सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि दोनों मामलों में पहले शिकायतों का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में रिश्वत मांगने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में विशेष धावादल गठित किए गए। इसके बाद दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page