आईआईएम बोधगया में नशा मुक्त भारत पर मीडिया कार्यशाला, युवाओं को जागरूक करने पर जोर
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 अक्टूबर 2026,
गयाजी। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बोधगया में पत्र सूचना कार्यालय (PIB), पटना की ओर से गुरुवार को ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। ‘स्वस्थ युवा, नशा मुक्त भारत’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में नशे की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य, उपचार एवं पुनर्वास और जन-जागरूकता बढ़ाने में मीडिया की भूमिका पर चर्चा हुई।
कार्यशाला में आईआईएम बोधगया की निदेशक प्रो. विनिता एस. सहाय, मगध रेंज के आईजी विकास वैभव, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधीक्षक, होमी भाभा कैंसर अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ. रविकांत सिंह, यूनिसेफ की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रेरणा कौल सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल हुए।
आईजी विकास वैभव ने युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया। वहीं, प्रो. विनिता एस. सहाय ने युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक सहयोग और सकारात्मक वातावरण को महत्वपूर्ण बताया।
विशेषज्ञों ने नशे की आपूर्ति पर नियंत्रण, इसकी मांग में कमी, समय पर पहचान, परामर्श, उपचार और पुनर्वास को प्रभावी नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख आधार बताया। तंबाकू एवं खैनी के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को खेल जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।
यूनिसेफ की प्रतिनिधि ने नशे से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशीलता बरतने और ऐसी पत्रकारिता पर जोर दिया, जो सामाजिक कलंक बढ़ाने के बजाय लोगों को सहायता और समाधान की दिशा दिखाए। कार्यक्रम में शिक्षण संस्थानों, परिवार, प्रशासन और मीडिया के समन्वित प्रयासों से नशा मुक्त समाज बनाने का आह्वान किया गया।
