डीआरएम ने किया डीडीयू–मानपुर रेलखंड का निरीक्षण, ट्रैक संरक्षा और यात्री सुविधाओं की समीक्षा

0
Screenshot_2026_0603_211523.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 जून 2026,

गयाजी। पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीणा ने बुधवार को डीडीयू–मानपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल संरक्षा, ट्रैक अनुरक्षण तथा यात्री सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन से लेकर मानपुर एवं गया जंक्शन तक विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

प्वाइंट्स, रेल गेज और ट्रैक की गुणवत्ता की जांच

निरीक्षण की शुरुआत अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन क्षेत्र से हुई, जहां डीआरएम ने हावड़ा दिशा की ओर ट्रैक सेक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान प्वाइंट्स, रेल गेज, लंबे वेल्डेड रेल सेक्शनों तथा ट्रैक की ज्यामितीय स्थिति का परीक्षण किया गया। साथ ही ट्रैक अनुरक्षण कार्यों और संरक्षा मानकों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।

कर्मचारियों से किया संवाद, गर्मी में सतर्कता के दिए निर्देश

डीआरएम ने स्थायी पथ निरीक्षक (पीडब्ल्यूआई), ट्रैकमैन और ट्रॉलीमैन सहित ट्रैक अनुरक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों से सीधे संवाद कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने ट्रैक निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग और सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन पर विशेष जोर दिया।

भीषण गर्मी को देखते हुए रेल पटरियों पर बढ़ते तापमान के प्रभाव से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों का भी आकलन किया गया। डीआरएम ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मानपुर जंक्शन पर यात्री सुविधाओं की समीक्षा

निरीक्षण के अगले चरण में डीआरएम मानपुर जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं, ट्रेन परिचालन व्यवस्था और यात्री प्रबंधन प्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गया जंक्शन के पुनर्विकास कार्यों का किया अवलोकन

निरीक्षण के अंतिम चरण में डीआरएम गया जंक्शन पहुंचे और स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और परिचालनिक सुगमता से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए।

सुरक्षित और बेहतर रेल सेवाओं पर जोर

रेल अधिकारियों ने बताया कि मंडल के प्रमुख स्टेशनों और ट्रैक सेक्शनों पर संरक्षा, अनुरक्षण एवं यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी और समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page