बांका में बिजली अभियंता और पूर्णिया में राजस्व कर्मचारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
Screenshot_2026_0601_230048.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना | 01 जून 2026,

पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को दो अलग-अलग मामलों में एक सहायक विद्युत अभियंता और एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। दोनों मामलों में शिकायत के सत्यापन के बाद विशेष धावादल का गठन कर कार्रवाई की गई।

बिजली जुर्माना मैनेज करने के नाम पर 20 हजार की रिश्वत

निगरानी थाना कांड संख्या-064/26 के तहत निगरानी ब्यूरो की टीम ने बांका जिले के रजौन स्थित साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कार्यालय में छापेमारी कर सहायक विद्युत अभियंता विजेन्द्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

बताया गया कि धोरैया निवासी मनोज कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी किराना दुकान में वाणिज्यिक बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण लगाए गए जुर्माने को कम कराने और मामले को मैनेज करने के एवज में अभियंता द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी डीएसपी सत्येन्द्र राम के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

दाखिल-खारिज के लिए मांगी थी 10 हजार रुपये घूस

एक अन्य कार्रवाई में निगरानी थाना कांड संख्या-065/26 के तहत पूर्णिया जिले के नगर अंचल कार्यालय से राजस्व कर्मचारी रूपक कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता उमेश कुमार महतो ने आरोप लगाया था कि उनकी आवासीय जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की प्रक्रिया पूरी करने के बदले राजस्व कर्मचारी रिश्वत की मांग कर रहे थे। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद निगरानी ब्यूरो ने जाल बिछाकर आरोपी को अभिलेखीय भवन से रंगेहाथ दबोच लिया।

विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में पेश किया जाएगा। दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई

निगरानी ब्यूरो ने कहा है कि सरकारी सेवाओं में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी सरकारी कर्मी द्वारा रिश्वत मांगने पर इसकी सूचना निगरानी विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page