उत्तर कोयल नहर परियोजना पर डीएम की सख्ती, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश

0
1776786164928.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 21 अप्रैल 2026,

गयाजी: मंगलवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने टिकारी अनुमंडल कार्यालय में उत्तर कोयल नहर परियोजना के भू-अर्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

फेज-01 में प्रगति की समीक्षा

गुरारू अंचल में 632 रैयतों में से 387 को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है। डीएम ने निर्देश दिया कि लंबित एलपीसी मामलों को शीघ्र निपटाते हुए शेष रैयतों को भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित पंचायतों में टीम बनाकर डोर-टू-डोर अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही सलेवा, तिनेरी और शेरपुर मौजा में विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

गुरुआ और कोच अंचल की स्थिति

गुरुआ अंचल में 333 में से 243 रैयतों को मुआवजा मिल चुका है, जबकि 30 रैयत अभी तक चिन्हित नहीं हो पाए हैं। डीएम ने ऐसे मामलों में जमीन पर नोटिस चस्पा कर संबंधित रैयतों को अंचल कार्यालय में संपर्क करने का निर्देश दिया। कोच अंचल में 211 में से 158 रैयतों को भुगतान किया जा चुका है।

फेज-02 में बाधाओं के समाधान के निर्देश

फेज-02 की समीक्षा के दौरान डीएम ने परैया और गुरारू अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मौजों में आपसी सहमति के कारण अवरोध उत्पन्न हो रहा है, वहां विशेष कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि परियोजना कार्य में तेजी लाई जा सके।

नियमित निगरानी पर जोर

डीएम ने बताया कि उत्तर कोयल नहर परियोजना की प्रगति की साप्ताहिक उच्च स्तरीय समीक्षा की जा रही है, जिससे कार्यों की गति बनाए रखी जा सके।

इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व व आपदा), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी टिकारी व शेरघाटी, डीसीएलआर सदर, टिकारी व शेरघाटी सहित संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page