जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न, वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना स्वीकृत
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 10 फरवरी 2026,
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, जहानाबाद डॉ. प्रीति की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में जल एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
वार्षिक क्रियान्वयन योजना को मिली मंजूरी
बैठक के दौरान समीक्षा के उपरांत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक क्रियान्वयन योजना के अनुमोदन का निर्णय लिया गया, जिससे आगामी वर्ष में जल एवं स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हुआ।
बायोगैस संयंत्र का संचालन जीविका दीदियों को सौंपने का निर्णय
विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में यह निर्णय लिया गया कि बायोगैस संयंत्र इकाइयों के रख-रखाव एवं संचालन की जिम्मेदारी जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को दी जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
धूसर जल प्रबंधन के लिए बड़ी तकनीक अपनाने पर सहमति
समिति ने ग्राम पंचायतों में धूसर/काला जल प्रबंधन के लिए बड़े तकनीकी संरचनाओं के निर्माण का निर्णय लिया, ताकि जल निपटान की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कचरा प्रबंधन के लिए डस्टबीन अधिष्ठापन अनिवार्य
संपूर्ण स्वच्छता के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए समिति ने निर्णय लिया कि सभी संस्थानों में कचरा प्रबंधन हेतु डस्टबीन का अधिष्ठापन अनिवार्य रूप से जिला पंचायती राज विभाग द्वारा कराया जाएगा।
स्वच्छता कर्मियों के मानदेय भुगतान की व्यवस्था
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वच्छता कर्मियों एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों के मानदेय भुगतान को ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) में शामिल कर संबंधित पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित की जाएगी।
UPI के माध्यम से स्वच्छता शुल्क संग्रह का निर्णय
सभी घरों से स्वच्छता शुल्क का संग्रहण UPI माध्यम से कराने के लिए निर्देश दिए गए। इसके तहत प्रत्येक प्रखंड की एक पंचायत में वर्तमान माह से यह व्यवस्था लागू की जाएगी, जबकि शेष सभी पंचायतों में अगले माह से पूर्ण रूप से UPI के माध्यम से शुल्क संग्रहण किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में डी.आर.डी.ए. के निदेशक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण के सहायक अभियंता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा सहायक अभियंता, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के जिला समन्वयक एवं जिला सलाहकार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।