जहानाबाद में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा बैठक, लंबित कार्यों पर दिए गए कड़े निर्देश

0
1770318645606.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 05 फरवरी 2026,

जहानाबाद। आज दिनांक 5 फरवरी 2026 को उप विकास आयुक्त, जहानाबाद डॉ. प्रीति की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान योजनाओं की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई और लापरवाही पर कड़े निर्देश जारी किए गए।

शौचालय निर्माण में तेजी लाने का निर्देश

समीक्षा के क्रम में यह पाया गया कि शौचालय निर्माण से संबंधित ऑनलाइन नागरिक पोर्टल पर काको एवं जहानाबाद प्रखंड में आवेदनों की संख्या अधिक लंबित है। इस पर संबंधित प्रखंड समन्वयकों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि तीन दिनों के भीतर सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें।

लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर

शौचालय निर्माण में लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति कम पाए जाने पर मोदनगंज, काको एवं घोषी प्रखंड को निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण पूर्ण कराने तथा सभी निर्माण कार्यों की पोर्टल एंट्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

भुगतान, जियो टैगिंग और उपयोगिता प्रमाण पत्र

सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्मित शौचालयों के भुगतान हेतु जियो टैगिंग करते हुए सभी लाभार्थियों की पे-आईडी सप्ताहांत तक क्रिएट कराएं। साथ ही, अवशेष राशि के उपयोगिता प्रमाण पत्र शनिवार तक जमा करना अनिवार्य किया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

वार्षिक कार्य योजना 2026-27 पर दिशा-निर्देश

वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य योजना के लिए सभी प्रखंडों को आवश्यकता अनुसार सभी अवयवों का लक्ष्य निर्धारण कर शनिवार तक जिला कार्यालय को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया।

स्वच्छता कर्मियों के मानदेय और GPDP एंट्री

संचालन एवं मरम्मती मद के अंतर्गत विभागीय पत्र के आलोक में सभी योजनाओं में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों के मानदेय को केंद्रीय/राज्य वित्त मद के तहत GPDP पोर्टल पर एंट्री कराने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सर्वेक्षित परिवारों का चेकर द्वारा सत्यापन कर विभागीय निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना एवं सहायता योजना के तहत लंबित कार्यों को भी पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में रहे उपस्थित

इस समीक्षा बैठक में निदेशक डी.आर.डी.ए. डॉ. रोहित कुमार मिश्र, जिला सलाहकार पिंकू कुमार सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page