मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीघा गंगा घाट और सिक्स लेन गंगा ब्रिज निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

0
1770316062011.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना | 05 फरवरी 2026,

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जे.पी. सेतु के निकट दीघा क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे स्थित दीघा पर्यटन घाट तथा आसपास चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने जे.पी. सेतु के पास दीघा पाटी पुल घाट और मीनार घाट को लोगों की सुविधा के लिए सुंदर और पक्का घाट के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सुबह और शाम गंगा किनारे भ्रमण के लिए आते हैं। पक्का घाट के निर्माण से आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने घाट क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का भी निर्देश दिया तथा गांधी घाट की तर्ज पर दीघा पाटी पुल घाट पर गंगा आरती शुरू कराने के लिए पर्यटन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही घाट पर अन्य बुनियादी पर्यटकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि दीघा पर्यटन घाट पर समग्र उद्यान का निर्माण कराया जाए, ताकि यह स्थान धार्मिक के साथ-साथ पर्यटन के लिहाज से भी आकर्षक केंद्र बन सके।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जे.पी. सेतु के समानांतर बनाए जा रहे नए सिक्स लेन गंगा ब्रिज के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पुल का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में तेजी से और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नए पुल के बन जाने से पुराने जे.पी. सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा और उत्तर बिहार तथा दक्षिण बिहार के बीच आवागमन और अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page