खिजरसराय में ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर, पिता-पुत्र समेत तीन घायल

0
IMG-20260629-WA0007.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 जून 2026,

गयाजी: जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के मनसविगहा गांव के समीप सोमवार को ऑटो और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खिजरसराय पहुंचाया गया।

पिता-पुत्र की हालत गंभीर

घायलों की पहचान मानपुर निवासी मोहम्मद शाहबाज और उनके पुत्र मोहम्मद अयान के रूप में हुई है। दोनों बाइक पर सवार होकर खिजरसराय से मानपुर लौट रहे थे। वहीं ऑटो चालक की पहचान अतरी थाना क्षेत्र के भैया बीघा गांव निवासी आनंद कुमार के रूप में हुई है, जो गंभीर रूप से घायल हो गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खिजरसराय में प्राथमिक उपचार के बाद मोहम्मद शाहबाज और मोहम्मद अयान की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो गयाजी शहर की ओर से खिजरसराय की तरफ आ रहा था, जबकि बाइक सवार पिता-पुत्र खिजरसराय से मानपुर लौट रहे थे। मनसविगहा गांव के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बताई जा रही है।

पुलिस ने वाहनों को लिया कब्जे में

घटना की सूचना मिलते ही खिजरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो एवं बाइक को कब्जे में लेकर थाना ले आई और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page