₹4 हजार रिश्वत लेते शिकारपुर थाने के ASI गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | बेतिया | 24 अगस्त 2026
बेतिया: जिले के शिकारपुर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने ₹4,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सोमवार को हाईस्कूल चौक उर्फ शहीद चौक, शिकारपुर, नरकटियागंज में की गई।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, परिवादी अमृत कुमार ने शिकायत की थी कि उनके पिता के खिलाफ विद्युत चोरी से संबंधित शिकारपुर थाना कांड संख्या 794/26 में बेल दिलाने के एवज में आरोपी पुलिस पदाधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सत्यापन में आरोप सही मिलने के बाद ट्रैप
शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा उसका सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या 101/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सतीश चन्द्र माधव के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को ₹4,000 रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
विशेष न्यायालय में होगी पेशी
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, आरोपी से पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
2026 में निगरानी की 101वीं प्राथमिकी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, भ्रष्टाचार के विरुद्ध वर्ष 2026 में यह 101वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें 93 ट्रैप कांड हैं और अब तक कुल 91 अभियुक्तों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में अब तक ₹32,34,800 की रिश्वत राशि बरामद की गई है।
वर्ष 2025 में निगरानी ब्यूरो द्वारा कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे, जिनमें ₹37,80,300 की रिश्वत राशि बरामद हुई थी।
