आजादी के जश्न को लेकर प्रशासन की तैयारी तेज, तिरंगा यात्रा और झंडोत्तोलन की तैयारियों की समीक्षा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 अगस्त 2026,
गयाजी: स्वतंत्रता दिवस को लेकर नीमचक बथानी अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम केशव आनंद की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों, तिरंगा यात्रा, झंडोत्तोलन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम लोगों और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए आवश्यक स्तर पर तैयारी की जाए।
सरकारी कार्यालयों से गांव-टोले तक होगा झंडोत्तोलन
एसडीएम ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ गांव एवं टोलों में निर्धारित समय पर झंडोत्तोलन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ ने दिए निर्देश
बैठक में एसडीपीओ सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
संत थॉमस इंग्लिश स्कूल की झांकी होगी आकर्षण
बैठक के दौरान संत थॉमस इंग्लिश स्कूल की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह में झांकी प्रस्तुत करने पर भी सहमति बनी। झांकी के माध्यम से देशभक्ति एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े विषयों को प्रदर्शित किए जाने की तैयारी है।
बैठक में बीडीओ पूजा गहलोत, सीओ केशव किशोर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।
