कृषि विज्ञान केंद्र मानपुर में SAC की बैठक, जलवायु अनुकूल खेती और किसानों की आय बढ़ाने पर चर्चा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 सितंबर 2026
गयाजी: कृषि विज्ञान केंद्र, मानपुर में गुरुवार को Scientific Advisory Committee (SAC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से संचालित प्रसार एवं तकनीकी गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी कार्ययोजना को लेकर विशेषज्ञों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से सुझाव लिए गए।
बैठक में अटारी, पटना के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डी.वी. सिंह, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के उप निदेशक प्रशिक्षण डॉ. अभय मानकर और गयाजी के जिला कृषि पदाधिकारी संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।
मानपुर और आमस KVK की गतिविधियों का प्रस्तुत किया गया ब्यौरा
कृषि विज्ञान केंद्र, मानपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान इं. मनोज कुमार रॉय ने केंद्र की ओर से संचालित कृषि प्रसार गतिविधियों, प्रशिक्षण, प्रदर्शन, ऑन-फार्म ट्रायल, फ्रंटलाइन डेमोन्स्ट्रेशन और कृषक प्रशिक्षण समेत अन्य तकनीकी कार्यक्रमों की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
वहीं कृषि विज्ञान केंद्र, आमस के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान इं. विमलेश कुमार पाण्डेय ने KVK आमस की गतिविधियों और उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
जलवायु अनुकूल कृषि और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
बैठक में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में नई तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने, स्थानीय स्तर पर किसानों की समस्याओं का समाधान करने और जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग, महिला एवं युवा किसानों की भागीदारी बढ़ाने तथा कृषि आय में वृद्धि के लिए तकनीकी हस्तक्षेपों को प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार होगी आगामी कार्ययोजना
बैठक में विशेषज्ञों और अधिकारियों ने कृषि विज्ञान केंद्रों के कार्यों की समीक्षा करते हुए किसान-केंद्रित तकनीकी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही गया जिले की स्थानीय कृषि परिस्थितियों और किसानों की जरूरतों के अनुरूप आगामी कार्ययोजना तैयार करने के लिए सुझाव दिए गए।
बैठक के अंत में कृषि विज्ञान केंद्र, मानपुर और कृषि विज्ञान केंद्र, आमस की ओर से सभी विशेषज्ञों, विभागीय पदाधिकारियों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
