खिजरसराय में शिक्षा सेवकों व विकास मित्रों की बैठक, पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनवाने के दिए निर्देश

0
Screenshot_2026_0723_195632.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 जुलाई 2026,

खिजरसराय (गयाजी): प्रखंड मुख्यालय खिजरसराय में गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पूजा गहलौत की अध्यक्षता में प्रखंड के सभी शिक्षा सेवकों एवं विकास मित्रों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चलाए जा रहे नए राशन कार्ड निर्माण अभियान की समीक्षा की गई तथा अभियान को और अधिक प्रभावी एवं तेज गति से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

घर-घर जाकर करें पात्र परिवारों की पहचान

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ पूजा गहलौत ने शिक्षा सेवकों एवं विकास मित्रों से कहा कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर जाकर ऐसे जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों की पहचान करें, जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों से निर्धारित आवेदन प्रपत्र भरवाकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र प्रखंड कार्यालय में जमा कराएं, ताकि उनका राशन कार्ड समय पर निर्गत किया जा सके।

कोई भी पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे

बीडीओ ने कहा कि अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार राशन कार्ड जैसी महत्वपूर्ण सरकारी सुविधा से वंचित न रह जाए। इसके लिए लोगों को जागरूक करते हुए राशन कार्ड से मिलने वाले विभिन्न सरकारी लाभों की भी जानकारी देने पर विशेष जोर दिया जाए।

जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने की अपील

उन्होंने शिक्षा सेवकों एवं विकास मित्रों से अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने की अपील की। साथ ही सभी आवेदन प्रपत्रों का समय पर संकलन कर प्रखंड कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया, ताकि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिल सके।

आवेदन प्रक्रिया और अभियान की प्रगति की हुई समीक्षा

बैठक में राशन कार्ड निर्माण अभियान की प्रगति, आवेदन प्रक्रिया तथा शिक्षा सेवकों एवं विकास मित्रों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page